Site icon Extra Report – सुर्खियों के पीछे की सच्चाई, निष्पक्ष और बेबाक रिपोर्ट्स

चढ़ावा चोरी मामला: ‘क्या आप इस्तीफा देंगे?’ सवाल पर गोविंद देव गिरि ने खोया आपा, कैमरे पर दिखी नाराजगी

चढ़ावा चोरी मामला: ‘क्या आप इस्तीफा देंगे?’ सवाल पर गोविंद देव गिरि ने खोया आपा, कैमरे पर दिखी नाराजगी

 

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक टीवी इंटरव्यू के दौरान पूछे गए सवाल पर उनकी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिलती है.

 

सवाल जो गोविंद देव गिरि को बहुत चुभ गए !

दरअसल, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के इस्तीफे से जुड़े सवालों के बीच एबीपी न्यूज़ के संवाददाता विशाल पाण्डेय ने गोविंद देव गिरि से पूछा कि “क्या आप भी इस्तीफा देंगे?” इस सवाल पर गोविंद देव गिरि नाराज हो गए. वीडियो में उन्हें माइक को हटाने का प्रयास करते और रिपोर्टर पर दबाव बनाने की कोशिश करते देखा जा सकता है. मौके पर मौजूद उनके कुछ सहयोगियों ने भी हस्तक्षेप किया.

घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा शुरू हो गई. इसके बाद गोविंद देव गिरि ने सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया दी और पत्रकार पर आरोप लगाए.

हालांकि, वीडियो में साफ तौर पर नजर आ रहा है कि गोविंद देव गिरि सवाल से असहज हो गए और जवाब देने से बचने के लिए माइक हटाने की कोशिश करने लगे.

 

बतौर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष की कुछ जिम्मेदारी होती है या नहीं ?

जिस सवाल पर विवाद खड़ा हुआ, वह राम मंदिर ट्रस्ट की जवाबदेही से जुड़ा था. सवाल यह था कि जिस ट्रस्ट के गोविंद देव गिरि कोषाध्यक्ष हैं, उसी ट्रस्ट पर चढ़ावे और दान की देखरेख की जिम्मेदारी है. ऐसे में यदि चढ़ावे की कथित चोरी या वित्तीय अनियमितताओं जैसे आरोप सामने आते हैं, तो क्या बतौर कोषाध्यक्ष उनकी भी जवाबदेही बनती है? इसी संदर्भ में जब उनसे पूछा गया कि क्या वह नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देंगे, तो गोविंद देव गिरि नाराज हो गए. बाद में उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पत्रकार पर आरोप लगाए.

Exit mobile version